समाज में प्रेम और भाईचारे का माहौल बनाये रखिए, बहुत लोग झगड़ा लगाने के चक्कर में रहते हैं

  • मुख्यमंत्री ने अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर पुराने साथियों से की मुलाकात

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अस्थावां विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने कतरीसराय प्रखंड के वादी, अस्थावां प्रखंड के अस्थावां, सरमेरा प्रखंड के सरमेरा तथा बिंद प्रखंड के बिंद में अपने पुराने साथियों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।
मुलाकात के क्रम में सीएम नीतीश ने अपने पुराने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि आपके बीच आकर मुझे बहुत खुशी हुई है। आप लोगों ने जिस तरह हमेशा मेरा साथ दिया है, समर्थन दिया है, उसे हम जीवन भर भूल नहीं सकते हैं। आगे भी हमसे जो भी संभव होगा, हम आपकी सेवा करते रहेंगे। मेरी इच्छा थी कि एक बार फिर से हम सभी जगहों पर जाकर घूम लें। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने घूमना शुरू किया है। आज भी हम अनेक जगहों पर लोगों से मिलते हुए आपके बीच आये हैं। आप सभी लोगों को यहां देखकर मुझे खुशी हुई है। यहां उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं की जानकारी मुझे दी है। उन समस्याओं पर गौर करके उचित कार्रवाई की जायेगी। आप लोगों का हमेशा से सहयोग मिलता रहा है। हमारी कोशिश रहेगी कि आपकी सेवा करते रहें।


उन्होंने कहा, हमारा एक ही आग्रह है कि समाज में प्रेम और भाईचारे का माहौल बनाये रखिए। बहुत लोग समाज में झगड़ा लगाने के चक्कर में रहते हैं लेकिन हम शुरू से ही कहते रहे हैं कि समाज में आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव होना चाहिए। हमलोगों ने बिहार में विकास के काफी काम किये हैं। बिहार की महिलाओं में अब काफी जागृति आई है। गरीब-गुरबा तबके के लोगों को आगे बढ़ाने में सरकार ने काफी मदद की है। बिहार में पहले क्या स्थिति थी? अब माहौल में कितना परिवर्तन हुआ है, इसे याद कर लीजिए। विकास का और क्या-क्या काम आगे करना है, इसको हम घूम-घूमकर देख रहे हैं। बाढ़ के दौरान भी हम एक-एक चीज को देखते रहते हैं। हम विकास का काम आगे भी करते रहेंगे। मेरा विनम्र आग्रह है कि नई पीढ़ी के लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश जरुर दीजिएगा। समाज में एकता के लिए आपस में प्रेम और भाईचारे का माहौल जरुरी है। यहां उपस्थित होने के लिए मैं आप सभी लोगों को हृदय से धन्यवाद देता हूं।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने नानन, गिरियक मोड़, कटोरिया, भैठी, छाछु बिगहा, सैदी, कतरपुर, मायापुर, बघरी बिगहा, मोहब्बतपुर, उगावां, नोआवां, चुलिहारी, ओईयाव, सकरावां, चकदिन, राज डुमरावां, मोहिनी, जंगीपुर, सारे, वेनार, जरवाहनी, झमटा, जाना, नेरूत, अस्थवां, अलीनगर, मीरनगर, बढ़िया, काजिचक, अहियापुर, परनावां, गोपालबाद सहित कई जगहों पर रूककर अपने पुराने साथियों एवं कार्यकतार्ओं से मुलाकात की। जगह-जगह पर लोगों ने मुख्यमंत्री का पुष्प-गुच्छ, फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, ग्रामीण विकास मंत्रीश्रवण कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सैदी में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर तथा वादी में स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मंत्री स्व. गुरू सहाय लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही मुख्यमंत्री ने बरबिगहा मोड़ पर भी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

About Post Author