October 16, 2026

BIHAR : चार जिलों में एनआईए की छापेमारी से नक्सलियों में हड़कंप, गया में विजय आर्य के घर की ली जा रही तलाशी

  • एनआईए की टीम शुक्रवार सुबह पटना, गया, रोहतास और औरंगाबाद जिले के विभिन्न जगहों पर छापेमारी करने पहुंची

पटना। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने बिहार में नक्सली नेता विजय आर्य के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। एनआईए टीम शुक्रवार सुबह पटना, गया, रोहतास और औरंगाबाद जिले के विभिन्न जगहों पर छापेमारी करने पहुंची। औरंगाबाद जिले में नक्सली नेता विजय आर्य की बेटी शोभा देवी के घर छापा मारा गया। इसके अलावा नक्सली अनिल यादव के घर भी एनआईए की टीम ने छापेमारी की है। रोहतास में विजय आर्य के करीबी राजेश गुप्ता के घर पर पूछताछ की गई। वही औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड के उपहारा थाना क्षेत्र के परासी गांव में जिला परिषद सदस्य शोभा देवी के घर पर शुक्रवार सुबह एनआईए की टीम पहुंची। फिलहाल टीम यहां छापेमारी में जुटी हुई है। शोभा के पति श्याम सुंदर यादव ने पहले नक्सलियों से नजदीकियों के आरोपों को खारिज कर दिया था। साथ ही पुलिस को भी ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला था। हालांकि, एक बार फिर से एनआईए की टीम के द्वारा उनके घर पर छापेमारी किए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने छापेमारी की पुष्टि की। नक्सली अनिल यादव के रफीगंज थाना क्षेत्र के चंदौल गांव में स्थित घर पर भी छापेमारी चल रही है। पूर्व में भी यहां टीम ने छापेमारी की थी। फिलहाल किसी तरह की बरामदगी की सूचना सामने नहीं आई है। एसपी ने कहा कि इस बारे में एनआईए के अधिकारी ही जानकारी दे पाएंगे। टीम दो जगहों पर छापेमारी कर रही है।
गया में विजय आर्य के घर की तलाशी
एनआईए की टीम शुक्रवार सुबह पांच बजे गया जिले में कोंच थाना इलाके के करमा गांव में छापेमारी करने पहुंची। यहां नक्सली विजय आर्य के घर पर तलाशी ली जा रही है। स्थानीय पुलिस थाने को एनआईए की टीम ने छापेमारी की सूचना नहीं दी है। वही रोहतास थाना क्षेत्र के समाहुता गांव में शुक्रवार सुबह एनआईए की टीम ने राजेश गुप्ता के घर को खंगाला। एनआईए टीम के सदस्यों ने घर के लोगों से पूछताछ की और कुछ कागजात जब्त कर अपने साथ ले गए। कुख्यात नक्सली विजय आर्य की गिरफ्तारी रोहतास थाना क्षेत्र से हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार विजय आर्य रोहतास के समहुता गांव में आकर रुकता था। एनआईए की टीम ने शुक्रवार सुबह समाहुता जाने वाले सभी रास्ते को सील करके रखा। किसी भी व्यक्ति को उस रास्ते में आने जाने से मनाही थी। विजय आर्य बड़ा माओवादी नेता है। वह फिलहाल पटना की बेऊर जेल में बंद हैं। करीब 6 माह पहले रोहतास से उसकी गिरफ्तारी हुई थी।

You may have missed