PATNA : बढ़ते खतरे के बीच आज से चलेगा टीकाकरण का महाभियान, सतर्कता डोज़ बढ़ाने पर रहेगा जोर
पटना। राज्य में टीकाकरण का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने दो दिनों के विशेष टीकाकरण की योजना बनाई है। विशेष अभियान 11 मई और 14 मई को होगा। इस दौरान अधिकारी कम टीकाकरण कवरेज वाली आबादी के उस हिस्से पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जहां कम टीकाकरण हुआ है या फिर अधिसंख्य लोगों को कोविड-रोधी वैक्सीन की एक डोज ही दी गई है। विभाग के अनुसार, लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी घर-घर टीकाकरण करेंगे। वही पटना में कई टीकाकरण केंद्र, जो 24 घंटे सात दिन की सेवा में दे रहे, स्वास्थ्य समिति, केयर इंडिया और जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित हैं, वहां भी 24 घंटे के अंदर भी व्यक्ति जाकर अपना टीकाकरण करा सकता है। इन केंद्रों पर सभी आयु वर्ग के लिए अलग-अलग काउंटर बने हुए हैं। महिलाओं के लिए यहां पिंक बूथ बनाया गया है। इन केंद्रों की विशेषता यह है कि यहां ड्राइव इन सुविधा भी है। यानी लोग अपनी कार में बैठकर टीका लेने का विकल्प ले सकते हैं।
घर घर टीकाकरण अभियान में तेज़ी लाने के निर्देश
इसके साथ ही प्रदेश में बढ़ी गर्मी के कारण इस समय लोग घरों से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं। इस कारण विभाग के कारण घर घर टीकाकरण अभियान होगा। जिससे कवरेज में वृद्धि होगी। साथ ही 60 से अधिक उम्र वाले अधिसंख्य लोग कई कारणों से टीकाकरण केंद्रों पर नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें भी घर पर ही टीके लगाए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक कोविड-19 टीके की 12,97,23,547 डोज दी जा चुकी है। इसमें 7,01,28,666 को पहली और 5,83,14,693 को दोनों डोज दी गई है। इसमें 12,80,188 सतर्कता डोज शामिल है।
पटना में अबतक 1.6 लाख लोगों को दी गई सतर्कता खुराक
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले में पटना सबसे अधिक संवेदनशील रहा है। बावजूद इसके सतर्कता डोज लेने की रफ्तार यहां बहुत धीमी है। अबतक जिले के 1 लाख 60 हजार 306 लोगों ने सतर्कता डोज ली है। कमोवेश यही हाल 12 से अधिक और 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का है। 2 लाख 95 हजार 166 बच्चों किशोरों के लक्ष्य के विरुद्ध अबतक जिले में 1 लाख 31 हजार 248 का ही टीकाकरण किया जा सका है। हालांकि, 15 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयुवर्ग में टीकाकरण का प्रदर्शन बेहतर है। 4 लाख 93 हजार 191 लक्ष्य के विरुद्ध अबतक 4 लाख 39 हजार 824 किशोरों को पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 18 वर्ष से अधिक उम्र के 43 लाख 58 हजार 924 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके विपरीत अबतक 43 लाख 2 हजार 566 लोगों को पहली और 37 लाख 9 हजार 771 को दूसरी डोज दी जा चुकी है।


