October 16, 2026

भोजपुर : रास्ता विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, महिला समेत 4 घायल

भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिलें के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सलथर गांव में सोमवार की देर शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षो से एक महिला समेत चार लोग जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार, जख्मियों में एक पक्ष से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सलथर गांव निवासी जनार्दन सिंह, अवधेश सिंह एवं भतीजा विकास कुमार एवं दूसरे पक्ष से चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव निवासी उपेंद्र कुमार की पत्नी मनी देवी है। मनी देवी शादी के बाद से ही अपने पति के साथ मायके में ही रहती है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मनी देवी के पक्ष के एक व्यक्ति ने बीच रास्ते में ही ट्रैक्टर लगा दिया था। जब जनार्दन ट्रैक्टर हटाने को कहा तो उन्होंने कहा कि यह हमारा रास्ता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई। देखते ही देखते बात बहुत बढ़ गई। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की। इस घटना के उदवंतनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि रास्ता विवाद को लेकर यह घटना हुई है। दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed