रामनवमी में इस बार खास होगा महावीर मंदिर का नजारा, हेलीकॉप्टर से आधे घंटे तक होगी पुष्पवर्षा
पटना। रामवनमी 2022 को लेकर पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भी तैयारी शुरू हो गयी है। इस बार रामनवमी के दिन मंदिर में अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। प्राइवेट हेलिकॉप्टर के जरिये करीब आधे घंटे तक मंदिर के ऊपर व परिसर के आस-पास पुष्पवर्षा की जाएगी। मंदिर में दर्शन को लेकर भक्तों की इस दिन भीड़ उमड़ती है। उनके ऊपर भी फूलों की बरसात की जाएगी। शुक्रवार को रामनवमी की तैयारियों और विधि-व्यवस्था को लेकर पटना के डीएम-एसएसपी और अन्य अधिकारी महावीर मन्दिर में समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं। पटना के सुप्रसिद्ध महावीर मंदिर में हर साल बेहद ही धूम-धाम से विधि-विधान के साथ महावीर व श्रीराम समेत सभी देवी देवताओं की पूजा की जाती है।

वही रामनवमी के दिन सभी देवी-देवताओं को नये वस्त्र धारण कराए जाएंगे। महावीर मंदिर में तीनों जगहों पर ध्वज बदले जाएंगे। बता दे की कोरोनाकाल में लगातार 2 साल भक्तों के लिए मंदिर में दर्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं रही थी। लॉकडाउन के कारण ना तो कलश स्थापन किया गया और ना ही भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया गया। हर साल मंदिर जाकर दर्शन करने वाले भक्तों को इस बार दो साल के बाद ये मौका मिला है। पिछले दो साल भक्तों के लिए दर्शन की सुविधा ऑनलाइन ही रखी गयी थी।

