विधानसभा में आज वापस लौटे अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, बोले- मुख्यमंत्री से कोई दुर्भावना नहीं, माफी की मांग पर अड़ा विपक्ष

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज 13वां दिन है। सदन में आज NDA एकजुट दिखा। आख़िरकार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा आज सदन में लौट आए। वहीं विपक्ष का जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफी मांगने के साथ इस्तीफे की मांग पर अड़ा रहा। विपक्ष सीएम से सदन में सफाई देने और माफी मांगने की मांग कर रहे थे। राजद सहित सभी विरोधी दलों के नेता वेल में आकर हंगामा करते रहे। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने सदस्यों से शांति तरीके से सदन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात हुई है। उनसे कोई दुर्भावना नहीं थी। वहीं विपक्ष के हंगामे पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि आसन को विपक्ष द्वारा रौंदा गया है। दरअसल मंगलवार की रात सीएम नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा की मुलाकात हुई थी। जिसके बाद दोनों में सुलह हो गई। इससे पहले भाकपा माले के विधायकों ने बिहार विधानसभा के बाहर जमकर हंगामा किया।

बिहार विधानसभा में पिटाई को लेकर आचरण समिति की रिपोर्ट और उस रिपोर्ट को वापस लेने और लॉकडाउन से प्रभावित दुकानदारों को मुआवजा देने के साथ-साथ राज में बढ़ रहे अपराध की घटनाओं को रोकने की मांग को लेकर भाकपा माले के विधायकों ने प्रदर्शन किया। बताया जा रहा हैं की सीएम नीतीश कुमार से बहस के बाद अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा मंगलवार को सदन में नहीं आए। सत्तारूढ़ दल के तमाम नेताओं के मनाने के बावजूद वह पूरे दिन सदन की कार्यवाही में भाग लेने नहीं पहुंचे। दरअसल सोमवार को CM नीतीश कुमार ने सदन में अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा पर भड़क गए थे। उन्हें बहुत कुछ सुना दिया था। हालांकि उसके बाद भी सदन में विजय सिन्हा और सीएम नीतीश कुमार मौजूद थे। लेकिन दूसरे दिन विजय सिन्हा ने अपना तेवर दिखाया और सदन में नहीं पहुंचे थे।