September 17, 2025

शरद यादव की LJD का होली के बाद RJD में होगा विलय

पटना। होली के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) का विलय राजद में होने जा रहा है। लोजद के बिहार प्रदेश के प्रवक्ता मनीष कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि शरद यादव के नेतृत्व में आगामी 20 मार्च को दिल्ली में लोकतांत्रिक जनता दल का राष्ट्रीय जनता दल में विलय होगा, साथ ही कहा कि पिछले कुछ दिन पहले शरद यादव से राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुलाकात किया था। उसके बाद विलय पर सहमति बनी। लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष उमेश राय, प्रवक्ता मनीष कुमार सिंह एवं तमाम राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं वरीय नेता समेत राजद में शामिल होगें। कहा कि राजद और लोजद मिलकर तेजस्वी यादव के हाथ को मजबूत करने का काम करेंगे।
गौरतलब है कि शरद यादव जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे है। उन्होंने बिहार के मधेपुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया, जबकि दो बार मध्यप्रदेश के जबलपुर से सांसद चुने गए और एक बार उत्तर प्रदेश के बदायूं से लोकसभा के लिए चुने गए। शरद यादव संभवत: भारत के पहले ऐसे राजनेता हैं, जो तीन राज्यों से लोकसभा के लिए चुने गए मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार।

You may have missed