पूर्णिया में अपराधियों ने लूट के इरादे से फाइनेंस कर्मी को मारी गोली, इलाके में हडकंप

पूर्णिया। पूर्णिया में बेखौफ अपराधियों ने एक फाइनेंस कर्मी से लूट की कोशिश की लेकिन वो सफल नहीं हो सके। इस दौरान उन्होंने फाइनेंस कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बरहराकोठी थाना क्षेत्र के बोधी टोला धार के पास की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। जो बेगूसराय जिला के भगवानपुर का रहने वाले है। कर्मी अशोक रुपये कलेक्शन कर घर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि एलएनटी कंपनी के अशोक पूर्णिया जिला के मूलकिया पंचायत के अंतर्गत बोधी टोला में बने समूह से कलेक्शन कर वापस लौट रहे थे। जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने अशोक को बाइक रोकने का इशारा किया।

लेकिन वो नहीं रूके। जब अशोक ने बाइक लेकर भागना चाहा तो उसी दौरान अपराधियों ने अशोक पर गोली चला दी। जिससे अशोक वहीं पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर अगल-बगल के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों को घटनास्थल की ओर आते देख अपराधी फरार हो गए। इस बीच अपराधियों ने अशोक के बाइक की डिक्की को तोड़ने की कोशिश भी की मगर तोड़ नहीं सके। वहीं, घटना की जानकारी स्थानीय थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और अशोक की जेब से लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये बरामद किए। इसके बाद घटना की जानकारी अशोक के परिजनों को दे दी गई।

You may have missed