PATNA : राजधानी में शिवरात्रि पूजा को लेकर अलर्ट मोड़ पर रहेगा जिला प्रशासन, झांकियों की होगी CCTV से निगरानी
पटना। शिवरात्रि पर निकलने वाली झांकी के लिए सुरक्षा की पूरी गाइडलाइन जारी की गई है। गृह विभाग ने राज्य के सभी जिलों में शिवरात्रि महापर्व पर सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किया है। झांकी को तीसरी आंख यानी CCTV की निगरानी में निकाली जाएगी। इसके लिए मजिस्ट्रेट के साथ संबंधित थानों के थानेदारों की जवाबदेही तय की गई है। पटना के बेली रोड खाजपुरा में महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। विधि व्यवस्था के लिए डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा का अलर्ट किया है। पूजा के दौरान भीड़ में कोरोना प्रोटोकाल से लेकर सुरक्षा तक पर मंथन किया जा रहा है। इसके लिए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जगह जगह पर CCTV कैमरा लगाया जाएगा।

थानेदारों की होगी जवाबदेही
शिवरात्रि पर सुरक्षा को लेकर राज्य के सभी थानों को अलर्ट किया गया है। मंदिरों के आसपास सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का आदेश दिया गया है। राज्स के विभिन्न थाना क्षेत्रों से निकलने वाली झांकियों की पूरी मॉनिटरिंग करने की जवाबदेही संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष को दी गई है। इसके अलावा कलश यात्रा की भी पेट्रोलिंग कर कार्यक्रम स्थल पर लाने तथा भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया है। पूजा स्थल तथा उसके रूट पर होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात की व्यवस्था को लेकर भी रूट तैयार किया जा रहा है। इसके लिए यातायात पुलिस अधीक्षक को संबंधित क्षेत्रों में रूट प्लान तैयार किए जाने का निर्देश दिया है।
हर जिले में बनेगा कंट्रोल रूम
महाशिवरात्रि को लेकर अतिरिक्त कंट्रोल रूम ,चिकित्सा शिविर बनाया जाएगा। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन, पेयजल, बिजली व्यवस्था, अग्निशमन, साफ सफाई की पूरी व्यवस्था पूजा समिति के सदस्यों के साथ मिलकर तय किया जा रहा है। डीएम और एसएसपी द्वारा 26 फरवरी तक स्थलीय भ्रमण कर उक्त सभी कार्यों की तैयारी का जायजा ले लिया जाए। पटना में डीएम और एसएसपी ने बैठक कर खाजपुरा शिवमंदिर के साथ अन्य मंदिरों पर सुरक्षा व विधि व्यवस्था को लेकर मंथन किया है।

