PM के नेतृत्व में मजबूत अन्नतंत्र देश में हो रहा है विकसित : अश्विनी चौबे
पटना। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत अन्नतंत्र विकसित किया जा रहा है। अनाज का रखरखाव आधुनिक हो, इसके लिए सरकार कृतसंकल्पित है। शाहाबाद क्षेत्र में प्रधानमंत्री के विशेष आशीर्वाद से देश में पहली बार चावल का साइलो गोदाम पायलट प्रोजेक्ट के तहत तैयार किया जा रहा है। इसके तैयार होने के उपरांत इसकी सफलता के बाद पूरे देश में जहां चावल का पैदावार अधिक होता है, वहां इसे विस्तारित किया जाएगा। श्री चौबे कैमूर दौरे के दौरान चावल साइलो प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के उपरांत वहां उपस्थित जिला प्रशासन, भारतीय खाद्य निगम एवं जनप्रतिनिधियों से मुखातिब थे।
केंद्रीय राज्यमंत्री के विशेष निर्देश पर एफसीआई के ईस्ट जोन के ईडी अजीत सिन्हा ने बक्सर की इटाढ़ी में बन रहे चावल साइलो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। श्री चौबे ने बताया कि अनाज का रखरखाव आधुनिक तरीके से हो, इसके लिए सरकार कृत संकल्पित है। इसके लिए आधुनिक साइलो का निर्माण किया जा रहा है। 12,500 मेट्रिक टन का साइलो बनाया जा रहा है। यहां पर 37,500 मिट्रिक गेहूं का भी साइलो तैयार किया जा रहा है।


