कर्नाटक की हवा से बिहार में बढ़ेगी ठंड, 5 जिलों में बारिश का अलर्ट, गिरेगा तापमान
पटना। बिहार का कनार्टक से मौसम कनेक्शन बन रहा है। एक ट्रफ रेखा बिहार से झारखंड और छत्तीसगढ़ होते हुए कर्नाटक तक जा रही है। इसका प्रभाव बिहार के दक्षिण पूर्वी इलाकों में देखा जा सकता है। इस भाग के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खड़िया के कुछ स्थानों में हल्की बारिश या फिर बूंदाबादी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम के इस परिवर्तन से आने वाले 3 दिनों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

ऐसे बदल रहा मौसम का सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक पश्चिमी व दक्षिण पश्चिमी हवा का प्रवाह बना हुआ है। साथ ही एक ट्रफ रेखा बिहार से झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं तेलंगाना होते हुए कर्नाटक तक गुजर रही है। यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर तक स्थित है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य के दक्षिण पूर्वी भाग के अलग-अलग स्थानों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्के स्तर की बारिश या फिर बूंदाबादी हो सकती है। बाकी बिहार के अन्य भागों का मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान रात के तापमान में अगले 3 दिनों के दौरान 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अलग अलग स्थानों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा अथवा धुंध छाए रहने की भी संभावना है।
24 घंटे में शुष्क रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग स्थानों में हल्के स्तर की वर्षा हुई है। इसमें प्रमुख जिले मधुबनी, बेगूसराय, पटना के बिहटा, बांका, समस्तीनपुर, पश्चिमी चंपारण, सारण, भभुआ में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस छपरा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस रहा है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान डेहरी में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि राज्य का अधिकतम औसत तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। गया में सबसे कम दृश्यता 30 मीटर रही, जिससे वहां घना कोहरा देखने को मिला है। पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ स्थानों पर कोहरे का भी प्रकोप हल्के से मध्यम स्तर को देखा गया है।

