February 18, 2026

22 फरवरी से होगी CM नीतीश समाज सुधार अभियान की शुरुआत, भागलपुर से होगी शुरुआत

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में कोरोना संक्रमण में गिरावट के बाद अब एक बार फिर से समाज सुधार अभियान शुरू करने वाले हैं। 22 फरवरी को मुख्यमंत्री भागलपुर से समाज सुधार अभियान की शुरुआत करेंगे। भागलपुर और बांका जिले की समीक्षा भी करेंगे। शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति अभियान को लेकर जीविका दीदियों के साथ संवाद भी करेंगे। 23 फरवरी को मुख्यमंत्री जमुई में समाज सुधार अभियान करेंगे। मुख्यमंत्री जमुई, लखीसराय, शेखपुरा और मुंगेर जिले की समीक्षा करेंगे। इसके बाद 26 फरवरी को बेगूसराय में मुख्यमंत्री समाज सुधार अभियान यात्रा करेंगे और यहां बेगूसराय और खगड़िया जिले की समीक्षा करेंगे।

वही समाज सुधार अभियान यात्रा की जनसभा में मुख्य सचिव, डीजीपी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, मद्य निषेध विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित सभी आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही जिले के मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम नीतीश 14 फरवरी को जनता दरबार की भी शुरुआत करने जा रहे है। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री ने समाज सुधार अभियान यात्रा के साथ जनता दरबार को भी स्थगित कर दिया था, लेकिन अब कोरोना संक्रमण घटने के बाद दोनों कार्यक्रम फिर से शुरू हो रहे हैं।

You may have missed