बाढ़ : वार्ड संख्या 24 के लोगों ने पेयजल संकट को लेकर नगर अध्यक्ष का फूंका पुतला
बाढ़। पटना के बाढ़ नगर परिषद के काजीचक मोहल्ला वार्ड संख्या 24 के लोगों में परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ इन दिनों काफी आक्रोश देखा जा रहा है। इलाके के लोगों का कहना है कि करीब 16 लाख रुपए के लागत से वर्ष 2017-18 के दौरान नल-जल योजना के तहत काम किया गया लेकिन आज तक ना तो टावर के ऊपर पानी का टंकी लगा और ना ही योजना सही तरीके से संचालित हो रही है। इसके बावजूद करीब एक पखवाड़े से इलाके के लोगों को योजना का पानी भी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय वाशिंदों का कहना है कि विद्युत विभाग का बकाया करीब 12,000 रूपये हो चुका है, जिसके चलते विभाग ने बिजली काट दिया है और नगर परिषद के अध्यक्ष के द्वारा प्रति महीना 300 रूपये प्रति मकान अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि इलाके में अधिकांश लोग गरीब एवं असहाय तबके के हैं। ऐसे में ये लोग कहां से पैसा नगर परिषद को दे पाएंगें।
आखिरकार आक्रोशित लोगों ने बाढ़ नगर परिषद के नगर अध्यक्ष राजीव कुमार चुन्ना का काजीचक मोहल्ले के मुख्य चौराहे पर पुतला फूंक कर विरोध दर्ज किया और नगर परिषद के अध्यक्ष के साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. जनार्दन प्रसाद वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं इस बाबत नगर अध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने पुतला जलाने की जानकारी से अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए पैसे मांगे जाने की बात को सही बताया, साथ ही कहा कि लोगों के द्वारा पैसा अदा करने के बाद ही बिजली बिल अदा की जाएगी, तब जाकर नल जल योजना का पेयजल लोगों के घरों तक पहुंच पाएगा।


