JDU के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान का शुभारंभ, उमेश कुशवाहा बोले- मिलेगी ऐतिहासिक सफलता

पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में शनिवार को पूरे बिहार में जदयू के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने इस अभियान का शुभारंभ किया, जहां बड़ी संख्या में दल के साथियों एवं समर्थकों ने उन्हें अपने-अपने योगदान का चेक सौंपा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद ललन सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही सभी जिलों में भी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला संग्रह प्रभारी की उपस्थिति में इस अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का खास ध्यान रखा गया।
हमारे नेता ने बिहार का पुराना गौरव लौटाया
प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू ने न्याय के साथ विकास को संभव करके दिखाया है। हमारे नेता ने बिहार का पुराना गौरव लौटाया है। जदयू के सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि अपने नेता और अपनी पार्टी को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पार्टी के विस्तार एवं मजबूती प्रदान करने के लिए जरूरी है कि पार्टी आर्थिक रूप से भी सुदृढ़ हो। हमें जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाना है। इन लक्ष्यों को ध्यान में रखकर वरिष्ठ नेताओं एवं समर्पित साथियों को विशेष प्रभार दिया गया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी।
प्रखंडों और पंचायतों में भी चलेगा अभियान
वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने कहा कि यह अभियान जिलों के साथ ही प्रखंडों और पंचायतों में भी चलेगा। मुख्यमंत्री में आस्था रखने वाले सभी साथी इस पूर्णत: स्वैच्छिक अभियान में अपना योगदान दे सकते हैं।
