RJD ने CM नीतीश को दी नसीहत, मृत्युंजय तिवारी बोले- BJP में अब और कितना जलील होंगे, अंतरात्मा की आवाज सुनिए और कुर्सी छोड़िए

पटना। खरमास के बाद बिहार में राजनीतिक खेल शुरू है। राजद ने भाजपा नेताओं की ओर से नीतीश कुमार पर दिए जा रहे बयानों पर कहा है कि अब सांप-नेवले की लड़ाई में कुछ बचा नहीं है। दोनों पार्टी के नेता एक-दूसरे को राजनीतिक रूप से नंगा करने में लगे हैं। नीतीश कुमार के अंदर मान-सम्मान बचा हो तो वे अंतरात्मा की आवाज सुनें और कुर्सी छोड़ें, राजद सभी बातों को भूल कर सहारा देने को तैयार है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने यह सब बातें कही हैं। मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने नालंदा के शराब मामले में कल जिला प्रशासन की मिलीभगत की बात कही थी। अब तो जायसवाल ने इशारों-इशारों में एक अणे मार्ग खाली कराने की धमकी दे दी है। एक अणे मार्ग स्थित आवास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सरकारी आवास है।

शराबबंदी सफल बनाने में विफल रहा सत्ता पक्ष

तिवारी ने कहा कि शराबबंदी सफल करने की जवाबदेही सत्ता की पार्टी पर है, पर वे विफल हो रही हैं। नीतीश कुमार अपनी अंतरात्मा को जगाएं। मुख्यमंत्री का अपमान हो रहा है। सत्ता की सहयोगी पार्टी उन्हें जलील कर रही है। भाजपा-जदयू के बीच गाली-गलौज वाली भाषा में बात हो रही है। बिहार की 13 करोड़ जनता की लड़ाई और भलाई के लिए तेजस्वी यादव तैयार हैं।

नीतीश ने भाजपा का साथ छोड़ा तो हम कदम बढ़ाएंगे

नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़ दिया तो राजद साथ देने को तैयार है क्या? इस सवाल के जवाब में मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की भलाई के लिए हम कदम उठाएंगे। हमें किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। राजद सबसे बड़ी पार्टी है। जिस दिन नीतीश कुमार भाजपा का साथ छोड़ेंगे, हम जरूर सोचेंगे। हम सभी बातों को भूल कर जनता की भलाई के लिए कदम उठाएंगे।

You may have missed