August 27, 2026

PATNA : सचिवालय थानेदार का महिला से बदमिजाजी का VIDEO VIRAL, एसएसपी ने कहा- मामला जांच के दायरे में

* फोन चोरी की शिकायत लेकर महिला गई थी थाने
* सचिवालय एएसपी काम्या मिश्रा को जांच की जिम्मेदारी


पटना। पटना के सचिवालय थाने का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में थानेदार सीपी गुप्ता एक महिला से बदमिजाजी से बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में थानेदार महिला से कह रहे हैं, ‘जाओ जिस बाप को बुलाना है बुलाओ’। वीडियो के संबंध में बताया जा रहा है कि बीते सोमवार की शाम एक महिला अपने फोन चोरी की शिकायत लेकर थाने गई थी। इसी दौरान महिला ने तुरंत रिसीविंग मांगी। जिस पर थानेदार बिगड़ गए और महिला ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस संबंध में एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि यह मामला जांच के दायरे में आ गया है। इस संबंध में सचिवालय एएसपी काम्या मिश्रा को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट में जो सच्चाई सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाने के अंदर किसी के भी आने की है मनाही
इस मामले को लेकर वायरल वीडियो में दिखने वाले थानेदार सीपी गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि थाने का एक अफसर और एक पकड़ा गया कैदी कोरोना पॉजिटिव है। दो पुलिसकर्मियों में भी कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। एहतियात बरतते हुए किसी को भी अंदर आने नहीं दिया जा रहा है। थानेदार के अनुसार, प्रीति नाम की महिला अपनी शिकायत लेकर आई थी। उसने मास्क नहीं पहना था। कभी वो सरिस्ता में तो कभी आफिस के अंदर घूम रही थी। उन्हें आॅफिस के बाहर जाने को कई बार कहा गया, साथ ही उसे अपना एप्लीकेशन ड्रॉप बॉक्स में जमा करने को कहा गया। लेकिन, वो बात सुन नहीं रही थी। वो अपनी जिद्द पर अड़ी थी कि उसे एप्लीकेशन की रिसीविंग तुरंत चाहिए। थानेदार का आरोप है कि उसने खुद को आईबी का अफसर बताया था। इसके बाद मामला बिगड़ा।
यह है घटना
मिली शिकायत के अनुसार, वीडियो बनाने वाली महिला जिले के गुलजारबाग के कुम्हार टोली निवासी प्रीति कुमारी है। साथ ही वर्तमान में राजस्व पर्षद में सचिवालय सहायक के पद पर पोस्टेड है। प्रीति कुमारी सोमवार की शाम 4:45 के करीब सप्तमूर्ति के पास खड़े होकर अपने दोस्त के साथ बात कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो शातिर बदमाश उनका मोबाइल झपट्टा मारकर ले उड़े। इसके बाद प्रीति शिकायत करने के लिए सचिवालय थाने गई थीं। जिसके बाद थानेदार सीपी गुप्ता से विवाद हुआ। जिसका प्रीति ने चुपके से वीडियो बना लिया। वहीं जब वीडियो बनाने वाली महिला प्रीति कुमारी से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई तो उससे संपर्क नहीं हो सका।

You may have missed