JDU का RJD पर हमला : पूर्व MLC ने कहा- गिरोह चलाने वाले गठबंधन की बात न करें
पटना। जदयू-भाजपा के गठबंधन पर राजद के नेताओं की टिप्पणी पर जदयू ने कड़ा रूख अपनाया है। पूर्व विधान पार्षद और जदयू के प्रवक्ता प्रो. रणबीर नंदन ने कहा है कि राजद के नेताओं के मुंह से गठबंधन पर टिप्पणी अशोभनीय और बेतुकी लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद बिहार को बर्बाद करने वाले गिरोह के रूप में काम करता है। 2005 के पहले भी राजद के नेता इसी काम में लगे रहते थे और आज भी इसी का प्रयास करते हैं लेकिन गिरोह संचालन करने वालों को गठबंधन पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
प्रो. नंदन ने कहा कि बिहार में जदयू और भाजपा का गठबंधन अटूट है। दोनों दलों के बीच आपसी समझ है। राजनीतिक हो या सामाजिक, सभी मुद्दों पर दोनों दलों ने हमेशा बेहतर आपसी समझ दिखाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में दोनों दलों के कदम हमेशा बिहार के विकास की ओर बढ़े हैं। अब राजद के नेता तेजस्वी यादव और उनके प्रवक्ता, एनडीए गठबंधन पर कुछ बोलते हैं तो यह न तो उनके दायरे में आता है और न ही उनकी समझ में। जदयू और भाजपा पूरे समझ का गठबंधन है।
प्रो. नंदन ने राजद पर आरोप लगाते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने तो अपनी पार्टी का कोई ईमान रखा ही नहीं है। कहने को तो महागठबंधन बना रखे हैं लेकिन उपचुनाव में अपने ही सहयोगी दल के खिलाफ पूरा दम लगाकर चुनाव लड़े। हालांकि नतीजा जो निकला, उससे न तो कांग्रेस की बांछे खिलीं और न राजद की मंशा पूरी हुई। जनता ने एकतरफा एनडीए उम्मीदवारों को जिताया। अभी विधान परिषद का चुनाव होने वाला है, उसमें भी राजद-कांग्रेस के बीच तलवारें खिंच रही है। ऐसा योग गठबंधन नहीं गिरोह कहलाता है, जो बस अपने लिए सोचता है और वही राजद और कांग्रेस दिखा रहे हैं।


