शिवहर में अपराधियों का पुलिस टीम पर हमला, 2 महिला कॉन्स्टेबल समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
शिवहर, बिहार। शिवहर जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेशमा गांव में रविवार देर शाम पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किया गया। जहां हमले के दौरान दो महिला कॉन्स्टेबल समेत पांच पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट आई है। जिसे इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीपीओ संजय कुमार पांडे ने बताया कि बीते 11 नवंबर को पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा ओझा टोला में पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के रिश्तेदार मनोज झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उक्त आरोपियों को पुलिस रिमांड पर पूछताछ कर रही थी।

वहीं, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कांड से पूर्व रेशमा गांव में सभी अपराधियों के द्वारा हत्या की साजिश रची गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे पुनः उसी स्थल पर वापस सभी अपराधी मौजूद हुए थे। डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि हत्या से पूर्व और हत्या के बाद सभी गिरफ्तार आरोपी को रेशमा में ही लोकेशन पाया गया था। जिसके आधार पर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को लेकर गांव पहुंची थी। आरोपियों की निशानदेही पर जैसे ही पुलिस ने उस घर में प्रवेश किया कि घर के दर्जनों लोग ने ने पुलिस पर हमला कर दिया। उक्त हमले में पुलिस के पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सभी घायल सुरक्षाकर्मियों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने तीन महिलाओं को इस मामले में गिरफ्तार कर थाने ले गई है।

