बिहार में भाजपा के संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका थी पूर्व विधायक स्व. नवीन किशोर का : नितिन नवीन

* विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 16वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
* राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष समेत मंत्रियों व सासंदों ने किया चित्र पर माल्यार्पण


पटना। भाजपा नेता तथा पटना पश्चिम के विधायक रहे स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 16वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को राजधानी पटना के राजवंशी नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि वे एक कुशल संगठनकर्ता के साथ जन-जन के नेता थे। वे विलक्षण प्रतिभा तथा नेतृत्व क्षमता के धनी थे। ज्ञात हो कि बिहार में भाजपा के संगठन को खड़ा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। युवाओं में विशेषकर उनकी बड़ी लोकप्रियता थी। प्रत्येक वर्ष की 31 दिसंबर को उनकी पुण्यतिथि पर कार्यक्रम नवीन सिन्हा पार्क में आयोजित की जाती है। लेकिन इस वर्ष कोरोना के संभावित संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने सभी पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों को बंद करने का निर्देश दिया हुआ है। इस कारण श्रद्धांजलि सभा उनके आवास पर हुआ।


इस अवसर पर राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह के साथ मंत्री मंगल पांडेय, सुमित सिंह, सम्राट चौधरी, अमरेंद्र कुमार, संजय झा, मुकेश सहनी, जमा खान के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, विधान पार्षद डॉ. प्रमोद कुमार, राजेन्द्र गुप्ता समेत कई विशिष्ट तथा गणमान्य अतिथियों ने स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिवंगत नवीन किशोर सिन्हा को याद करते हुए बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, समाजसेवी और आम जनता ने अपनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि की।

You may have missed