February 21, 2026

दानापुर मंडल संसदीय समिति की बैठक आयोजित : सांसदों ने रेल विकास व यात्री सुविधाओं में वृद्धि पर रखे बहुमूल्य सुझाव

हाजीपुर। पटना के महेन्द्रूघाट सभागार में सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को दानापुर मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति’ की बैठक हुई। इस बैठक में दानापुर मंडल क्षेत्राधिकार के 6 सांसद एवं 6 सांसद के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी सांसदों द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास हेतु अपने-अपने सुझावों को रखा गया। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा, दानापुर मंडल रेल प्रबंधक प्रभात कुमार सहित मुख्यालय एवं दानापुर मंडल के अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। बैठक के प्रारंभ में डॉ. महेंद्र प्रसाद, सांसद, राज्यसभा को उनके आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।


बैठक में पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव, नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, नवादा के सांसद चंदन सिंह, जहानाबाद के सांसद चन्देश्वर प्रसाद, गया के सांसद विजय कुमार उपस्थित हुए। वहीं बैठक में केंद्रीय मंत्री व चंदौली के सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के प्रतिनिधि सर्वेश कुशवाहा, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे के प्रतिनिधि परशुुराम चतुर्वेदी, गाजीपुर के सांसद मो. अफजल अंसारी के प्रतिनिधि मो. जमाले जन्नत खान, जमुई के सांसद चिराग पासवान के प्रतिनिध जीवन सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर के प्रतिनिधि कुंदन कुमार तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद के प्रतिनिधि अरूण कुमार उपस्थित थे। इस दौरान सांसदों द्वारा रेल विकास व यात्री सुविधाओं में वृद्धि आदि के संबंध में बहुमूल्य सुझाव प्राप्त हुए।
इसके पूर्व बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने सांसद एवं सांसद प्रतिनिधियों का स्वागत किया। महाप्रबंधक ने अपने स्वागत संबोधन में दानापुर मंडल द्वारा यात्री सुविधा के क्षेत्र में किए गए कार्यों आदि से अवगत कराया। बैठक की समाप्ति के पश्चात महाप्रबंधक ने सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा।

You may have missed