December 9, 2025

पटना में तेज रफ्तार का कहर : ट्रैक्टर ने युवक को रौंदा, मचा कोहराम

फतुहा। पटना में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। वहीं परिवहन विभाग इस पर रोक लगाने में असमर्थ साबित हो रही है। गुरुवार की अहले सुबह नदी थाना क्षेत्र के गढोचक पुनपुन पुल के पास स्टेट हाइवे पर तेज गति से आते हुए एक ट्रैक्टर ने 30 वर्षीय युवक को रौंद दिया। जिससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि स्थानीय लोग उसे जख्मी समझ सीएचसी ले गये लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ चालक घटना के बाद ट्रैक्टर ले भागने के क्रम में अपना संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर घटनास्थल के पास ही पलट गयी। ट्रैक्टर पलटते ही चालक भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा ट्रैक्टर को क्रेन के मदद से उठाकर जब्त कर लिया। ट्रैक्टर के पलटने के बाद कुछ देर तक स्टेट हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। मृतक 30 वर्षीय गढोचक निवासी संतोष कुमार है। बताया जाता है कि मृतक सुबह सुबह चाय पीने के लिए घर से बाहर निकला था। वही अभी सड़क के पास ही पहुंचा था तभी पटना सिटी के तरफ से तेजी में आ रही ट्रैक्टर दूसरे वाहन का ओवरटेक करते हुए सड़क के विपरीत दिशा में चला गया और मृतक को रौंदते हुए भागने लगा। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक के चार छोटे छोटे बच्चे हैं जिससे एक तीन महीने की नवजात बच्ची भी शामिल है। ग्रामीणों के मुताबिक इस घटना से उसके परिजनों पर मुसीबत का पहाड़ टूट गया है।

You may have missed