फतुहा : मैजिक वैन चालक हत्याकांड में घायल बेटा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, अपराधियों का नहीं मिला कोई सुराग
फतुहा। बीते मंगलवार की अर्द्ध रात्रि हुए पटना के फतुहा थाना अंतर्गत एनएच 30ए पर मैजिक वैन चालक हत्याकांड में पुलिस ने उसके जख्मी बेटा गौतम कुमार का फर्द बयान ले लिया है तथा उसके फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने फतुहा थाना कांड संख्या 1003/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि जब गौतम कुमार अपने चालक पिता उदय राय के साथ थर्मोकोल लोड मैजिक वैन से धोवा पुल के पास पहुंचे तो सामने से गाड़ी पर कुछ लोग फायरिंग करने लगे। फायरिंग होते देख उसके पिता ने गाड़ी खड़ी कर दी तथा दोनों बाप-बेटे जान बचाकर भागने लगे। लेकिन भागने के क्रम में अपराधियों ने उसके पैर में गोली मारकर जख्मी कर दिया। उसने पिता उदय राय को भी उसी अपराधियों के द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की बात कही है।
दूसरी तरफ प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस मामले के उद्भेदन के लिए छानबीन शुरू कर दी है। लेकिन घटना के दूसरे दिन भी जानकारी के अनुसार पुलिस को अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला है। रात अधिक होने के कारण पुलिस को प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला है। पुलिस फोरलेन के नीचे लगे कई दुकानों की सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया है लेकिन अपराधियों तक पहुंचने का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि पुलिस जल्द ही मामले को पटाक्षेप करने का दावा किया है।
विदित हो कि खुसरुपुर के खिरोधरपुर निवासी उदय राय तथा उसका बेटा गौतम कुमार थर्मोकोल लोड कर मैजिक वैन से सासाराम जाने के लिए जैसे ही एनएच 30ए पर पहुंचा तो अपराधियों ने उसके वैन पर गोलीबारी शुरू कर दी। भागने के क्रम में अपराधियों ने उदय राय को खेत में पकड़ सीने गोली दाग दी। पुलिस अब मृत चालक के पिछले इतिहास को भी खंगालने में जुटी है। मृतक पूर्व के भी एक हत्याकांड का आरोपी रहा है तथा कुछ महीने पहले ही जेल से छुटकर मैजिक वैन की परिचालन शुरू किया था।


