मोना हत्याकांड : मुख्य साजिशकर्ता के फुलवारी स्थित घर पर कुर्की का इश्तेहार चस्पा
पटना। राजधानी पटना के राजीव नगर की मॉडल मोना राय हत्याकांड में फरार आरोपितों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। मुख्य साजिशकर्ता बिल्डर राजू राय की पत्नी शारदा देवी के फुलवारी स्थित घर पर पुलिस ने कुर्की का इश्तेहार चस्पा कर दिया है। कुर्की जब्ती का आदेश मिलते ही पुलिस मुख्य साजिशकर्ता बिल्डर की पत्नी शारदा देवी समेत अन्य आरोपितों की संपत्ति कुर्क करेगी। राजीव नगर थाना प्रभारी सरोज कुमार ने बताया कि जल्द ही बिल्डर की फरार पत्नी की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जाएगी।
बता दें दुर्गा पूजा के दौरान 12 अक्टूबर की देर रात बाइक सवार अपराधियों ने राजीव नगर थाना क्षेत्र के रामनगरी मोड़ के पास मॉडल मोना राय को उसके घर के गेट के पास ही गोली मार कर गंभीर रूप सेघायल कर दिया था। घटना के बाद घायल मोना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी। पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें भीम को पुलिस ने आरा से गिरफ्तार किया था। बाद में दूसरे आरोपित विश्वकर्मा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। हत्या के लिए शंकर को सुपारी दी गयी थी। पुलिस का दावा था कि मोना राय की हत्या की साजिश बिल्डर राजू की पत्नी शारदा देवी ने रची थी। उसमें उसका बेटा विकास, सुदेश, शंकर व राहुल शामिल थे। ये सभी फरार हैं।


