February 22, 2026

पटना में 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव, कांटेक्ट ट्रेसिंग तेज

पटना। पटना में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें 8 ऐसे हैं जो संक्रमितों के साथ रहकर कोरोना पॉजिटिव हुए हैं जबकि दो कैसे संक्रमण के शिकार हुए, इसका पता लगाया जा रहा है। संक्रमितों में एजी कॉलोनी के 3 हैं। इधर, 10 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट के आधार पर अब कांटेक्ट ट्रेसिंग तेज कर दी गई है। बता दें पिछले दिन एजी कॉलोनी में 7 लोग संक्रमित मिले थे। इस कॉलोनी में 10 से ज्यादा मामले हो गए हैं। इसके बाद पटेल नगर और बुद्धा कॉलोनी है, जहां संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है।
11 फॉलोअप और 10 नए मामले
मंगलवार को कुल 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इसमें 11 फॉलोअप और 10 नए मामले हैं। दोबारा से संक्रमितों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें पटना के पटेल नगर, बुद्धा कॉलोनी और एजी कॉलोनी का मामला है। संक्रमितों की जांच बार-बार कराई जा रही है, जिससे संक्रमण के मामले की निगरानी की जा सके। पटना के 11 लोगों की रिपोर्ट फॉलोअप में पॉजिटिव आई है, वह सभी होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 3 दिनों के बाद भी जांच कराई जाएगी।
कारण तलाशने में जुटी स्वास्थ्य विभाग
पटना में 8 केस ऐसे आए हैं, जिनका कारण साफ है कि वह संक्रमितों के संपर्क में आ गए थे। लेकिन 2 ऐसे केस हैं, जिनके संक्रमण का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन दोनों के संक्रमण का कारण तलाशने में जुटी हुई है। इनके संपर्क में आए लोगों का पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है।

You may have missed