पटना और सासाराम के बीच बनेगी शानदार फोरलेन, 3500 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
पटना। बिहार के परिवहन विकास में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। बता दें कि इस नए अध्याय के जुड़ने के बाद सासाराम-आरा से राजधानी पटना की दूरी बेहद कम हो जाएगी। दरअसल बिहार को जल्द ही एक नए फोरलेन की सौगात मिलने जा रही है। इस फोरलेन का निर्माण होने के बाद पटना भाया सासाराम की दूरी मात्र 2.5 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। बता दें कि अभी इस दूरी को तय करने में 5 घंटे से भी अधिक का समय लग जाता है लेकिन इस फोरलेन के निर्माण होने के बाद यह दूरी बेहद कम हो जाएगी।

जानिए क्या होगा इस फोरलेन का रूट
जानकारी के अनुसार इस फोरलेन की लंबाई 130 किमी होगी। वही इसके निर्माण पर 3500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पटना से आरा होते हुए सासाराम जाने वाली यह सड़क छह व चार लेन की होगी। पटना से आरा तक यह सड़क छह लेन होगी तो आरा से सासाराम तक सड़क चार लेन की होगी। पटना जिले में यह सदीसोपुर-नौबतपुर के बीच से यह शुरू होगी। वही आगे यह फोरलेन भोजपुर के सहार में पहुंचेगी। सोन नदी पार करने के क्रम में एक छह लेन का पुल भी बनेगा। सहार से यह सड़क बागड़-गड़हनी मौजूदा सड़क से गुजरेगी। इसके बाद यह पीरो, हसन बाजार, गड़हनी, विक्रमगंज, नोखा, संझौली होते हुए सासाराम से आगे सुअरा में जाकर एनएच दो यानी वाराणसी जाने वाली सड़क से जुड़ेगी। बताया जा रहा है कि पटना से आरा तक सिक्स लेन और आरा से सासाराम फोरलेन सड़क होगी।
जानकारी के अनुसार साल 2022 के अंत तक पटना से आरा होते हुए सासाराम जाने के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसकी प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए भोजपुर जिले में जमीन अधिग्रहण की प्रारंभिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही रिपोर्ट को (NHAI) के पटना कार्यालय भेज दी जाएगी।

