दानापुर : गंगा में डूबने से युवक की मौत
दानापुर। राजधानी पटना से सटे दानापुर के बीएस कॉलेज घाट पर मंगलवार को गंगा नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान दानापुर के नासरीगंज चाई टोला का रहने वाला संजीत उर्फ ननकू के रूप में हुई है। हालांकि स्थानीय गोताखोरों के द्वारा शव की तलाश की गयी मगर शव नही मिल सका। बाद में शव की तलाश में एसडीआरएफ टीम को भी लगाया गया, पर शव की बरामदगी नहीं हो सकी है। युवक के डूबने से मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि संजीत उर्फ ननकू दोपहर में दियारा से पैदल अपने घर नासरीगंज स्थित चाई टोला लौट रहा था। इसी बीच नदी में जैसे ही घुसा वैसे ही उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी के नीचे चला गया। नदी की धारा तेज होने की वजह से वह अपने आपको संभाल नहीं सका और वह डूब गया। घाट पर मौजूद कुछ लोग बचाते तब तक वह गंगा नदी में समा गया। मृतक के परिजन गंगा घाट पर शव के निकलने का इंतजार कर रहे हैं।


