PATNA : बस कंडक्टर को घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या, अथमलगोला का था रहने वाला, रंगदारी की बात आ रही सामने
पटना सिटी। पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में शनिवार देर रात अपराधियों ने बस कंडक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बड़ी पहाड़ी स्थित गंगा प्रदूषण प्लांट के पास खेत से शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खोखे भी बरामद किए हैं। मृतक की पहचान बाढ़ के अथमलगोला निवासी अशोक सिंह के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि अशोक सिंह कर्णपूरा बैरिया इलाके में किराए के मकान में रहता था। वह बैरिया बस स्टैंड में जय माता दी ट्रैवल्स में बस का कंडक्टर था। मृतक के परिजनों और सहकर्मियों ने हत्या का कारण रंगदारी बताते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। घटना के बाबत पूछे जाने पर मृतक के परिजन और सहकर्मी कुक्कू सिंह और नारायण सिंह ने बताया कि अपराधी ट्रैवल एजेंसी से अवैध वसूली को लेकर आए दिन रंगदारी करते थे। मृतक के साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि शनिवार की आधी रात को 7-8 की संख्या में अपराधी अशोक सिंह को जबरन उसके घर से उठाकर ले गए और खेत में ले जाकर उसे गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों और सहकर्मियों ने पुलिस के सामने हत्यारों के नाम भी गिनाए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने हत्या की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
इधर, पुलिस मृतक के सहकर्मियों और परिजनों के बयान पर हत्यारों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुट गई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


