PATNA : संपत चक में दूसरे दिन 107 नामांकन, वृद्ध पहुंची एम्बुलेंस से नामांकन करने

फुलवारी शरीफ। पटना के संपत चक प्रखंड में पंचायत चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इनमें लंका कछुआरा से रानी देवी, चंचल देवी, तारणपुर कंडाप पंचायत से रंभू सिंह, नरेंद्र कुमार सिंह, चिपुरा से मनोज कुमार समेत आठ मुखिया प्रत्याशी, 26 पंच, 6 सरपंच, 6 पंचायत समिति और 61 वार्ड सदस्य प्रत्याशी समेत 107 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है।

चुनाव प्रचार के दौरान टूटा पैर, एम्बुलेंस में आई नामांकन करने
संपत चक में लंका कछुआरा पंचायत के वार्ड नंबर 15 की वार्ड सदस्य के पद पर नामांकन दाखिल करने आयी वृद्ध प्रत्याशी कमला देवी को देखने प्रखंड मुख्यालय परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ गयी। कमला देवी के बेटे ने बताया कि उनकी मां कमला देवी जीतिया के दिन प्रचार कर रही थी, उसी दौरान उनका पैर टूट गया। उसके बावजूद नामांकन करने एम्बुलेंस में सवार होंकर पहुंची। गौरीचक नया टोला निवासी कमला देवी लंका कछुआरा के वार्ड नंबर 15 से नामांकन करने अपने दो पुत्र शंकर सिंह और हेमंत सिंह के साथ आई थी।