September 19, 2026

महंगाई और किसानों के मुद्दे पर बिहार कांग्रेस का धरना, कहा- देश की सत्ता पर विभाजनकारी शक्तियां हो गई है काबिज

पटना। महंगाई, टीकाकरण, बेरोजगारी और काले कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार के खिलाफ बिहार कांग्रेस कमिटी के द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में गुरूवार को धरना दिया गया। धरना का नेतृत्व बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए डॉ. समीर ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। कोरोना से अर्थव्यवस्था बदहाल हो चुकी है, बावजूद इसके केंद्र की मोदी सरकार की नीतियां जनता के दर्द को समझ नहीं रही है। सरकारी नियुक्तियों पर कुंडली मारे सरकार बैठी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक टीकाकरण को सुनिश्चित करने में भी केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं, किसानों और बेरोजगारों की हकमारी कर रही है। देश के आर्थिक हालात को जानबूझकर हाशिये पर ले जाया जा रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा कि देश की सत्ता पर विभाजनकारी शक्तियां काबिज हो गयी हैं, जो केवल अपने पूंजीपति मित्रों के फायदे के लिए दिन-रात काम कर रही है। युवाओं, किसानों और दिहाड़ी मजदूरों के आगे आर्थिक संकट के हालात पैदा कर दिए गए हैं। जीवाश्म ईंधनों को जीएसटी के दायरे में लाकर आम लोगों को लाभ देने की बजाय इसे अनियंत्रित रखकर अंबानी को फायदा पहुंचाया जा रहा है। केंद्र सरकार के नीतियों से आम आदमी का कमर टूट गया है।
धरना में विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, पूर्व मंत्री कृपा नाथ पाठक, विधायक, इजहारुल हुसैन, विधायक अजय कुमार सिंह, आनंद माधव, असित नाथ तिवारी, ज्ञान रंजन, स्नेहाशीष वर्धन पांडेय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण, ऋषि मिश्र, विनय वर्मा, मनोज कुमार सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, लाल बाबू लाल, डॉ. अजय कुमार सिंह, अम्बुज किशोर झा, गुंजन पटेल, चन्द्र प्रकाश सिंह, अरविंद लाल रजक, आशुतोष शर्मा, शशि रंजन, कमल देव नारायण शुक्ल, विद्यानंद मिश्रा, मुकुल यादव, कुमार रोहित, बिट्टू यादव, श्रीकृष्ण हरि, विकाश झा, निरंजन कुमार सहित विभिन्न जिले के जिलाध्यक्ष समेत सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।

You may have missed