‘टिकाऊ खेती, खुशहाल किसान’ विषय पर जदयू के वर्चुअल सम्मेलन की तैयारी पूरी
पटना। टिकाऊ खेती, खुशहाल किसान विषय पर रविवार को होने जा रहे जदयू के वर्चुअल सम्मेलन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस सम्मेलन में पार्टी के 1000 पदाधिकारी जूम ऐप के माध्यम से जुड़ेंगे, जबकि फेसबुक पर बहुत बड़ी संख्या में लोग इसे लाइव देखेंगे। इस वर्चुअल सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के साथ ही सुप्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञों के विशिष्ट पैनल का भी संबोधन होगा। इस पैनल में डॉ. मंगला राय, पूर्व डायरेक्टर जेनरल, आईसीएआर एवं डॉ. सुधांशु सिंह, डायरेक्टर आईआरआरआई, वाराणसी शामिल हैं।
प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य किसानों को वर्तमान चुनौतियों के बीच अधिक समर्थ और खुशहाल बनाना तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस वर्चुअल सम्मेलन को पार्टी के फेसबुक पेज, आरसीपी सिंह के फेसबुक पेज तथा उमेश सिंह कुशवाहा के फेसबुक पेज पर लाइव देखा जा सकता है।
ध्यातव्य है कि 20 जून को कोरोना के खिलाफ जदयू के जागरुकता अभियान को गति देने के लिए हुए वर्चुअल सम्मेलन को लगभग एक लाख तीस हजार लोगों ने, जबकि 27 जून को महिला उद्यमी विषय पर आयोजित वर्चुअल सम्मेलन को एक लाख चौदह हजार लोगों ने लाइव देखा था।
इस सम्मेलन में जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रभारी मनोज कुमार, किसान प्रकोष्ठ उत्तर बिहार के अध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह एवं किसान प्रकोष्ठ दक्षिण बिहार के अध्यक्ष नन्दकिशोर कुशवाहा ने कहा कि इस सम्मेलन को सफल बनाने में पार्टी के तमाम प्रकोष्ठ के साथ ही इसमें बड़े पैमाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमलोगों की सहभागिता होगी।


