February 22, 2026

हाजीपुर एचडीएफसी ब्रांच लूटकांड का खुलासा : 88.67 लाख बरामद, 9 अपराधी गिरफ्तार

वैशाली। बीते 10 जून को हाजीपुर के कर्णपुरा में एचडीएफसी बैंक ब्रांच से 1.19 करोड़ की हुई बड़ी लूट का सप्ताह भर में वैशाली पुलिस खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने लूटे गए कैश में से 88 लाख 67 हजार 500 रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल किए गए दो पिस्टल, 13 कारतूस और तीन मोटरसाइकिल के साथ ही घटना के वक्त अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े को भी बरामद किया है।
बड़ी बात यह है कि यह गिरफ्तार अपराधी समस्तीपुर में 19 मई को हुए स्टेट बैंक ब्रांच लूट में भी शामिल थे। ताजपुर थाना क्षेत्र के एनएच-28 स्थित स्टेट बैंक की शाखा में बाइक सवार लुटेरों ने 19 मई को धावा बोलकर पौने आठ लाख रुपये लूटे थे। पुलिस का दावा है कि इस लूट के भी 4 लाख 52 हजार रुपए इनके पास से बरामद किए गए हैं।
बता दें हाजीपुर के जढुआ में स्थित एचडीएफसी बैंक में 10 जून की सुबह 1.19 करोड़ रुपए की दिनदहाड़े लूटकांड को अंजाम देकर पुलिस की कानून व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया था। इस बड़े बैंक लूटकांड के बाद 5 जिलों की पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में जुट गई थी और पुलिस मुख्यालय पल-पल मामले का नजर बनायी हुई थी। बता दें एचडीएफसी बैंक खुलते ही लुटेरे अंदर दाखिल हुए और बैंक में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर 1 करोड़ 19 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए थे। बोरे में लूट की रकम को रखकर ले जाया गया था। लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

You may have missed