PATNA : उप मुख्यमंत्री, मंत्री एवं विधायक ने समुचित निकास की तैयारियों का लिया जायजा
पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद से बादशाही नाले के पक्कीकरण करने की मांग करते हुए कहा की बादशाही नाले के पक्कीकरण से दक्षिणी पटना क्षेत्र की जनता को जलजमाव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। साथ ही मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बाकरगंज नाले को ढ़कने का प्रस्ताव भी उपमुख्यमंत्री को दिया। उन्होंने उप मुख्यमंत्री से आग्रह किया की पटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत इन दोनों क्षेत्रों का विकास किया जाए।


उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मंत्री नितिन नवीन, विधायक अरुण सिन्हा, डॉ. संजीव चौरसिया, महापौर सीता साहू के साथ नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा तथा बुडको एवं नगर विकास विभाग के कई अधिकारियों ने गुरूवार को राजधानी में बरसात के मौसम में पानी के जमाव और उसके समुचित निकास की तैयारियों का जायजा लिया। नेताओं के साथ उच्च अधिकारियों की टीम सबसे पहले जीरो माईल के पास स्थित पहाड़ी संप हाउस पहुंची, जहां मौजूद पदाधिकारियों ने भारी बारिश के कारण उत्पन्न जलजमाव की निकासी के लिए किए गए तैयारियों से उन्हें अवगत कराया। इसके बाद सैदपुर स्थित संप हाउस का भी स्थल निरीक्षण किया गया। कुल मिलाकर ये आश्वस्त किया गया कि साल 2019 में जब भारी बारिश हुई थी और पटना के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे, वैसी भारी बारिश की स्थिति में भी इस बार ज्यादा से ज्यादा दो-तीन घंटे के अंदर पानी की निकासी हो जायेगी।

