कहीं ब्लू टिक के चक्कर में ब्लैक न हो जाएं भाजपा : राजेश राठौड़
पटना। देश जहां कोरोना के टीके के लिए परेशान है, वहीं भाजपा और भाजपाई ट्विटर पर ‘ब्लू टिक’ के लिए बेहाल हैं। ये बातें बिहार कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस संक्रमण काल में जहां अब भी रोजाना लाखों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं और हजारों लोग उचित इलाज के अभाव में जान गंवा रहे हैं। वहीं केंद्र की सरकार तमाम लोगों को उचित इलाज और वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के बजाए ट्विटर से वेरीफाइड एकाउंट के प्रतीक ब्लू टिक के लिए उलझने में अपना समय बर्बाद कर रही है। देश की जनता को बार-बार दिग्भ्रमित करने के लिए केंद्र सरकार कभी टूलकिट तो कभी ब्लू टिक में उलझाकर असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
राजेश राठौड़ ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं ब्लू टिक के चक्कर में ब्लैक न हो जाएं भाजपा। उन्होंने सरकार की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों के जीवन की कीमत से ज्यादा ट्विटर पर वेरीफाइड टिक को सरकार ने अपने प्रतिष्ठा का विषय बना रखा है।


