BIHAR : कुंडली के साथ शादी से पहले वर-वधु की मिलायी जा रही कोरोना रिपोर्ट

पटना। पौराणिक परिपाटी से लोग शादी के पहले वर-वधू की कुंडली मिलाते हैं, लेकिन कोरोना महामारी के कारण अब ऐसा समय आ गया है कि लोग अब कोरोना की जांच रिपोर्ट का मिलान कर रहे हैं। देश के साथ सूबे में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण दूल्हा-दुल्हन शादी के पहले कोरोना जांच करवा रहे हैं तथा समय नजदीक आने पर खुद को क्वारंटाइन कर लिए हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए कुछ लोग समारोह में शामिल होने से पहले अपने मेहमानों और मेजबानों को कोरोना जांच कराकर आने का आग्रह कर रहे हैं। यही नहीं, शादी में शामिल होने वाले सभी तरह के कर्मियों व मजदूरों की भी कोरोना जांच करायी जा रही है।
शादी करवाने से पहले पंडित जी की भी जांच आवश्यक
कोरोना संक्रमण से शादी-विवाह में परेशानी ना हो, इसके लिए लोग अब शादी के पहले पंडित जी की भी कोरोना जांच करवा रहे हैं। आचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार उन्हें आने वाले हफ्ते में दो-तीन शादियां करवानी हैं। इसीलिए उन्होंने अभी से बाहरी लोगों से मिलना-जुलना छोड़ दिया है। समय नजदीक आने पर वो भी कोरोना की जांच बखूबी करवाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही वह शादी करवाने के लिए जाएंगे।
आनलाइन भेज रहे निमंत्रण कार्ड
कोरोना के वजह से राज्य सरकार द्वारा थोड़ी पाबंदी जरूर लगाई गई है, पर शादी-समारोह पर पूर्णत: पाबंदी नहीं लगी है। इस कारण लोग अपनी तैयारी जारी रखे हैं। यदा-कदा शादी की पूर्ण व्यवस्था कर रहे हैं, जिनका कार्ड छप गया है वह एक-दूसरे को आनलाइन कार्ड भेज रहे हैं।

You may have missed