December 5, 2025

BIHAR : प्रवासी श्रमिकों की मदद को बना कंट्रोल रूम, जारी हुआ टोल फ्री नंबर

file photo

पटना। बिहार श्रम संसाधन विभाग ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए श्रमायुक्त कोषांग में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। कंट्रोल रूम के लिए टोल फ्री नंबर 18003456138 जारी किया गया है। साथ ही तीन शिफ्ट में वहां विभागीय पदाधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। विभाग ने 30 अप्रैल तक लगाई गई ड्यूटी का रोस्टर भी जारी कर दिया है।
विभाग के प्रधान सचिव द्वारा मंगलवार को जारी किए गए रोस्टर के हिसाब से इस कंट्रोल रूम में चार-चार घंटे की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई हैं, जो क्रमश: सुबह 8 से 12, दोपहर 12 से 4 और शाम 4 से रात 8 बजे तक है। कंट्रोल रूम में तैनात लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे फोन करने वाले हर प्रवासी श्रमिक को यथासंभव सहयोग और बिहार वापसी के संबंध में जानकारी देंगे।
बता दें बिहार के श्रमिक देश के विभिन्न हिस्सों में हैं। पिछले वर्ष देशव्यापी लॉकडाउन हो जाने के चलते बड़ी संख्या में श्रमिक वहां फंस गए थे। तब राज्य सरकार ने विभिन्न माध्यमों से उनकी मदद का इंतजाम किया था। अब कोरोना का प्रभाव एक बार फिर बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य के लोग जहां हैं, वहां उन्हें मदद मुहैया कराने और यदि वो बिहार लौटना चाहते हैं तो इसमें उनकी सहायता करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने श्रम आयुक्त कोषांग में कंट्रोल रूम स्थापित कर टोल फ्री नंबर जारी कर दिया है।

You may have missed