नालंदा से पटना आ रही यात्रियों से भरी बस का स्टेरिंग फेल होने से पलटी, आठ यात्री जख्मी
पटना। हवा हवाई बस संख्या बीआर 04जे1560 सिरदला, नवादा, हिसूआ, नरहट, खनवां होते हुए पटना आ रही थी। पटना के दीदारगंज थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-30 पर कसारा के समीप शुक्रवार की सुबह लगभग 11:30 बजे तेज रफ्तार से नालंदा से पटना आ रही बस सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने के क्रम में चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से स्टेरिंग फेल कर गई। यात्रियों से भरी बस पास के चार गड्ढों से होते हुए डिवाइडर से जा टकराई। जिसके कारण बस के आगे-पीछे का पहिया अलग हो गया और अचानक पलट गई। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मचते ही आसपास के लोग एकजुट हो गए और बस के अंदर फंसे यात्रियों को खिड़की का शीशा तोड़ कर बाहर निकाला। इस दुर्घटना में आठ यात्री जख्मी हुए है, उन सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले गए। वहीं सड़क पर बस पलटने के कारण एनएच पर वाहनों की कतार लग गई। कुछ देर तक जाम लगा रहा। हादसा में शाहजहांपुर थाना के मसनदपुर निवासी 55 वर्षीय दिलीप सिंह का पैर टूटने के कारण इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां यात्री के पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया है।
जीरो माइल यातायात थाना प्रभारी कुमार वीरेंद्र ने बताया कि बस की रफ्तार तेज थी। कसारा के समीप सड़क पार कर रहे एक विक्षिप्त व्यक्ति को बचाने के क्रम में चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाते ही बस गड्ढों से होते हुए डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। दुर्घटना के बाद चालक व खलासी मौके से फरार हो गया। पुलिस बस को जब्त कर थाना ले आयी है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। आठ यात्रियों मामूली चोट लगी है। निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद यह सभी अपने गंतव्य स्थान के लिए निकल गए। जख्मी एक यात्री को इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया है। बस को सीधा कर एनएच पर वाहनों का आवागमन सामान्य कर दिया गया।


