CM नीतीश के MLA ने कहा : दारू पीकर काम करती है पुलिस, क्लर्क संजय यादव को पुलिस ने पीकर पीटा

भागलपुर। बिहार में शराबबंदी कानून की उड़ रही धज्जियां को लेकर विपक्ष नीतीश सरकार पर लगातार हमलावर है। वहीं अब सीएम नीतीश की पार्टी जदयू के विधायक ने भी अबकी बार शराबबंदी पर सवाल उठा दिया है। गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल ने दावा किया है कि कोई भी पुलिस अधिकारी बिना शराब पिए काम करता ही नहीं है। वे भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र के मायागंज में पुलिस कस्टडी के दौरान हुई सिंचाई विभाग के क्लर्क संजय यादव की मौत पर पुलिस की करतूत को बताने के लिए मीडिया से रू-ब-रू थे। उन्होंने साफ कहा कि सभी थानेदार पीते हैं। उस रात भी पुलिस ने शराब पी रखी थी। शराब पीकर संजय यादव को मारा-पीटा गया। गले में गमछा बांधकर घर से घसीटते हुए थाने लाया गया। संजय की बेटी को गाली दिया गया, धक्का दिया गया। यह सब काम पुलिस ने दारू पीकर ही की।
प्रेसवार्ता के दौरान विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम रिपार्ट गलत बनाया गया है। कहा कि डीएम और एसएसपी ने बोला होगा, इसलिए पुलिस और डॉक्टरों ने मिलीभगत कर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नॉर्मल बना दी गई है। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ मारपीट की गई है। उन्होंने यहां तक कहा कि संजय के अंडकोष में पैर से मारा गया है, जिससे उनकी मौत हो गई है। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि संजय यादव शराब नहीं पीते थे। उनके साथ पुलिस के द्वारा मारपीट की गई है, जिस वजह से उनकी जान चली गई। जबकि विधायक गोपाल मंडल ने 4 दिन पहले संजय यादव की मौत पर कहा था कि संजय ने दारू पी रखी थी। उनके इस बयान पर मृतक के परिजनों ने जबर्दस्त नाराजगी जाहिर की। इसके बाद विधायक ने अपनी बात सुधार ली।
बताते चलें भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र स्थित मायागंज में सोमवार (होली) की शाम साउंड बॉक्स बजाने को लेकर 2 पक्षों में बवाल हुआ था। इसके बाद रात 9 बजे बरारी थाने की पुलिस दलबल के साथ वहां पहुंची और रास्ते से गुजरने वाले कई लोगों को जमकर पीटा। इसी दौरान पुलिस ने लघु सिंचाई विभाग के क्लर्क संजय कुमार (45) को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो पुलिस ने ही उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार की सुबह आक्रोशित लोग शव को लेकर बरारी थाना पहुंचे और जमकर बवाल किया।

You may have missed