September 21, 2026

PATNA : कचरे से निकली चिंगारी से कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सामान जलकर खाक

पटना सिटी। गर्मी का मौसम शुरू होते ही अगलगी की घटनाएं बढ़ने लगी है। शुक्रवार को पटना सिटी के दाऊद बीघा इलाके में एक कूलर फैक्ट्री में आग लग गई और इस आग में घी डालने का काम तेज हवा ने कर दी। जिससे आग काफी तेजी से फैल गई और फैक्ट्री के अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की 2 गाड़िया पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पायी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कूलर फैक्ट्री के पीछे खाली पड़ी जमीन पर कचरे का ढेर लगा रहता है। किसी ने उसमें आग लगा दी। इसी से निकली चिंगारी कूलर फैक्ट्री तक पहुंच गई और तेज हवा होने की वजह से थोड़ी ही समय में आग ने पूरी फैक्ट्री को जद में ले लिया। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। आस-पास के घरों से लोगों को बाहर निकाला गया। अगलगी की खबर मिलने के बाद अगमकुंआ थाने की पुलिस भी कूलर फैक्ट्री के पास पहुंची। बताया जाता है कि दाऊद बीघा इलाके स्थित कूलर फैक्ट्री के पास पहुंचने वाली गलियां काफी संकरी है। इस वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में समय लग गया। आस-पास घर होने की वजह से आग को बुझाने में भी फायर ब्रिगेड की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने में स्थानीय लोग भी जुटे रहे।
बता दें बीते गुरुवार को भी पटना के जीरो माइल के पास स्थित एक फर्नीचर गोदाम में आग लग गई थी। आग की वजह रोलिंग मशीन से निकली चिंगारी को बताया गया था, जिससे पूरी गोदाम में आग लग गई थी। इस अगलगी की घटना में लाखों रूपये का नुकसान होने की बात कही गई थी।

You may have missed