बिहार कांग्रेस की बैठक : जड़ें मजबूत करने के लिए पंचायत चुनाव में दिखानी होगी जबरदस्त भागीदारी

पटना। बिहार में आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी भी सक्रिय हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भक्तचरण दास तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने सदाकत आश्रम में आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी की मजबूत भागीदारी को लेकर तमाम जिलाध्यक्षों तथा संगठन के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक किया। बैठक की विषय वस्तु यह थी कि आगामी पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस पार्टी किस प्रकार अपनी भागीदारी दे। इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में चर्चा की गई कि आने वाले पंचायत चुनाव में पार्टी किन उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। इतना ही नहीं बैठक में इस विषय वस्तु पर भी चर्चा किया गया कि किन मानदंडों के तहत पार्टी समर्थन देने हेतु प्रत्याशियों का चयन करेगी। बैठक में पंचायत चुनाव के महत्व तथा उपयोगिता पर विमर्श किया गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि प्रदेश के अंदर पार्टी को अपनी जड़ें मजबूत करने के लिए पंचायत चुनाव में जबरदस्त भागीदारी दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव, लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव के तरह ही महत्वपूर्ण होते हैं। अगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम के साथ अपनी मजबूती दिखाती है तो आने वाले समय में विधानसभा तथा लोकसभा चुनाव में इसका शुभ परिणाम परिलक्षित होगा।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव डॉ. चन्दन यादव, विधायक प्रेमचन्द्र मिश्र, आबिदुर रहमान, राजेश कुमार, प्रवक्ता राजेश राठौड़, पूर्व विधायक अमिता भूषण, भावना झा, नरेन्द्र कुमार, लाल बाबू लाल, मनोज कुमार सिंह, रवीन्द्र नाथ मिश्रा, अमित कुमार टुन्ना, डॉ. अजय कुमार सिंह, आनन्द माधव, प्रवीण सिंह कुशवाहा, जया मिश्रा, गुंजन पटेल, चुन्नू सिंह, कुमार आशीष, राजेश कुमार सिंहा, अरविन्द लाल रजक, प्रयाग प्रसाद सिंह, कुन्दन गुप्ता, कैलाश पाल, डॉ. विधु शेखर पांडेय, विमल कुमार यादव सहित जिला अध्यक्षों ने भाग लिया।
