August 19, 2025

तख्तश्री कमेटी के प्रधान का दिल्ली में स्वागत, पटना साहिब को सीधे रेल से जोड़ने की कोशिश

पटना सिटी। तख्तश्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बनने पर अवतार सिंह हिट को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के द्वारा सम्मानित किया गया। महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि अवतार सिंह हिट दिल्ली में शिरोमणी अकाली दल के सीनियर अकाली नेता हैं। उन्होंने पार्टी के सरपपरस्त प्रकाश सिंह बादल के साथ भी काम किया है। शिरोमणी अकाली दल विशेष तौर पर दिल्ली इकाई के नेताओं के लिए यह बहुत सम्मानयोग बात है कि तख्तश्री पटना साहिब मैनेजमेंट कमेटी की सेवा का मौका उन्हें मिला है। इससे पहले शिरोमणी अकाली दल, दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी और शिरोमणी कमेटी के जरिए संगत की सेवा कर रहा है। उन्होंने यह सम्मान देने पर पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का धन्यवाद किया।
श्री सिरसा ने कहा कि अवतार सिंह हिट को अध्यक्ष चुनने का सिखों ने जोरदार स्वागत और विश्वास प्रगट किया है। वह न सिर्फ तख्तश्री पटना साहिब में इमारतों के निर्माण मुकम्मल करवाएंगे, बल्कि पटना साहिब के लिए रेल सेवा शुरू करने का भी प्रयत्न करेंगे, ताकि अधिक श्रद्धालु पटना साहिब के दर्शन कर सकें। सम्मान के लिए श्री सिरसा व अन्य गणमान्य का धन्यवाद करते हुए श्री हिट ने कहा कि शिरोमणी अकाली दल ने हमेशा सिख पंथ की सेवा की है और इसकी जिम्मेदारी भी उस पर बनती है। उन्होंने कहा कि स. बादल व कमेटी के सभी सदस्यों के धन्यवादी हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि तख्तश्री पटना साहिब मैनेजमेंट कमेटी में वे पूरी समर्पण के साथ सेवा करेंगे। मौके पर हरमनजीत सिंह, हरिंदरपाल सिंह, परमजीत सिंह चंढोक, रणजीत कौर, कुलदीप सिंह साहनी, जसबीर सिंह जस्सी, जगदीप सिंह काहलों, हरजीत सिंह पप्पा, गुरमीत सिंह भाटीया, स्वर्ण सिंह बराड़, निशान सिंह मान, जसमैन सिंह नोनी, सरवजीत सिंह विर्क, महिंद्र सिंह भुल्लर, मलकिंदर सिंह, त्रलोचन सिंह मंकू, सतिंदरपाल सिंह नागी, आत्मा सिंह लुबाणा, रमिंदर सिंह, मनमोहन सिंह, जत्थेदार कुलदीप सिंह भोगल, रजिंदर सिंह ख्याला और जसप्रीत सिंह विक्की मान आदि उपस्थित थे।

You may have missed