December 5, 2025

ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू का दावा : कई विधायक हमारे संपर्क में, पीएम मोदी और अमित शाह तक पहुंचाएंगे बात

पटना। बिहार में मंगलवार को हुए मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री नहीं बन पाए बाढ़ विधानसभा से भाजपा के विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू नाराज चल रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह के ठीक पहले मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर प्रदेश भाजपा के खिलाफ बगावती तेवर अपनाते हुए हुए बाढ़ विधायक ने अपनी लड़ाई दिल्ली आलाकमान तक पहुंचाने का ऐलान कर दिया है। ज्ञानू ने कहा कि अब वो बिहार भाजपा में हुई मनमानी के खिलाफ पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
मेरे साथ हैं कई विधायक
बिहार भाजपा नेतृत्व के खिलाफ खुलकर नाराजगी जता रहे विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने यह भी दावा किया है कि प्रदेश नेतृत्व के मनमाने फैसलों को लेकर भाजपा के विधायकों में जबदस्त गुस्सा है। कई विधायक लगातार उनके संपर्क में हैं और कईयों ने उनसे मुलाकात भी की है। नीतीश मंत्रिमंडल में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन सही नहीं होने का आरोप लगाने वाले ज्ञानू ने आज भाजपा की तरफ से सरकार में शामिल हुए मंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने का मुद्दा उठाया।
मोदी और शाह से मिलकर रखेंगे बात
ज्ञानू ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में हुई इन गड़बड़ियों के खिलाफ अब वे दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर पूरे मामले से उन्हें अवगत करवाएंगे। यह सवाल पूछे जाने पर कि क्या वे किसी और दल को समर्थन देंगे, इस पर उन्होंने कहा कि हमने इस पर अभी विचार नहीं किया है। हम पार्टी को बचाना चाहते हैं।
संजय जायसवाल पर निकाला गुस्सा
अपनी पार्टी के विधायक की नाराजगी को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने ज्ञानू के गुस्से को शांत करने की कोशिश की थी। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए संजय जायसवाल ने कहा था कि सभी हमारे अपने हैं, लेकिन सभी को मंत्रिमंडल में जगह मिल पाए, यह संभव नहीं है। इसके जवाब में ज्ञानू ने संजय जायसवाल पर गुस्सा निकालते हुए कहा है कि हमलोग अगर अपने हैं तो उन्होंने मोतिहारी से अपनी जाति के लोग को मंत्री क्यों बनाया, जबकि वो उस लायक भी नहीं था। ज्ञानू यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की बात अगर कोई नहीं मानता है तो उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

You may have missed