September 21, 2026

खबरें फतुहा की : युवती ने गंगा में लगायी छलांग, जाप-भाकपा माले ने किया जाम, महिला के साथ मारपीट

युवती ने गंगा में लगायी छलांग, स्थानीय लोगों ने बचाया
फतुहा। शनिवार को सुबह फतुहा के स्थानीय कटैया घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आत्महत्या करने के उद्देश्य से 20 वर्षीय युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने यह देख तत्काल गंगा में कुदकर उसे बाहर निकाला तथा उसकी जान बचायी। युवती अपने साथ एक बैग भी लेकर आयी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले युवती के परिजन खोजबीन करते हुए कटैया घाट पहुंच गए और झटपट में युवती को अपने साथ लेकर चले गए। हालांकि उसे देखने वालों की घाट पर भीड़ लग गयी। जानकारी के अनुसार युवती ने अपना नाम पता तो नहीं बताया, लेकिन बताया गया कि युवती खुसरुपुर की रहने वाली थी।

कृषि कानून के विरोध में जाप ने फोरलेन तो भाकपा माले ने स्टेट हाइवे को किया जाम
फतुहा। शनिवार को कृषि कानून के विरोध में जंहा जाप कार्यकर्ताओं ने आगजनी कर फोरलेन को जाम किया, वहीं भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने महारानी चौक पर विरोध मार्च निकालते हुए स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। इस दरम्यान दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार से कृषि कानून को वापस लेने की मांग की तथा प्रदर्शन करते हुए सरकार विरोधी नारे भी लगाए। जाप कार्यकर्ताओं का नेतृत्व जहां जिलाध्यक्ष बबन यादव ने किया तो वहीं माले कार्यकर्ताओं का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान महासभा के सचिव उमेश यादव ने किया। दोनों नेताओं ने किसान नीति के विरोध में राष्ट्रव्यापी चक्का जाम हड़ताल को सफल बताया। इस मौके पर जाप कार्यकर्ताओं में बबलू यादव, संदीप कुमार, पंकज यादव, कमलेश कुमार, मुकेश कुमार शामिल थे, वहीं भाकपा माले कार्यकर्ताओं में शैलेंद्र यादव, दीना साव के साथ साथ महिला कार्यकर्ता भी शामिल थे।

असमाजिक तत्वों ने महिला के साथ मारपीट कर किया जख्मी
फतुहा। स्थानीय गोविंद पुर लोहा पुल के निकट मुहल्ले के ही असमाजिक तत्व के लोगों ने एक महिला के साथ मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया। इतना ही नहीं, लोगों ने उसके घर में ईंट-पत्थर फेंककर तोड़फोड़ भी किया। पीड़ित महिला नीतू देवी ने असमाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित महिला की माने तो मुहल्ले के ही असमाजिक तत्व के लोग उसके घर के पास जुआ खेलने का काम करते थे तथा मोबाइल पर अश्लील गाना बजाया करते थे। महिला के मुताबिक, जब ऐसे कार्य करने से मना किया गया तो उनलोगों ने उसके साथ मारपीट किया तथा घर में ईंट-पत्थर फेंककर तोड़फोड़ किया। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

You may have missed