PATNA : बगैर नंबर और परमिट दौड़ रहे वाहन से हो रही मिट्टी-बालू ढुलाई, प्रशासन बेखबर
राजघाट नवादा से पुनपुन भाया चामुचक-मझौली जाने वाली सड़क पर बेलगाम रफ़्तार वाहन उड़ा रहे धूल मिट्टी
स्थानीय मुखिया व ग्रामीणों ने प्रशासन से वाहनो की जांच कराने की मांग की

फुलवारी शरीफ। राजघाट नवादा से पुनपुन भाया चामुचक-मझौली जाने वाली सड़क में भी सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने की आवयश्कता है। क्योंकि इस मार्ग में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों के द्वारा मिट्टी व बालू ढुलाई का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। स्थानीय मुखिया अवधेश पासवान ने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस से इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों की जांच कराने की मांग किया है।
मुखिया और ग्रामीणों ने बताया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाले बहुत से ट्रैक्टरों, ट्रकों, यात्री सवारी वाहन एवं अन्य मालवाहक वाहन के पीछे नंबर ही नहीं लिखा हुआ है। इस वजह से ट्रैक्टर चालक दुर्घटना कारित कर आसानी से नौ दो ग्यारह हो जाते हैं। वहीं वाहनों की जांच नहीं होने से वाहन मालिकों और चालकों का मनोबल और भी बढ़ता जा रहा है। सड़क पर मिट्टी गिरने से सड़क खराब हो रही है, साथ ही मिट्टी भरे धूल उड़ने से लोगों का जीना हराम हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर चलने वाली औसतन वाहनों का बीमा, प्रदूषण, परमिट का कागजात फेल है, जिसकी वजह से इन वाहनों से दुर्घटना हो जाने पर मृतक व जख्मी के परिजन कानूनी लाभ लेने से वंचित रह जा रहे हैं।

