September 13, 2026

बिहार NDA में नया मोड़: पटना का मोह छोड़ दिल्ली जाएंगे उपेंद्र कुशवाहा? मोदी कैबिनेट में शामिल होने की चर्चा तेज

बिहार NDA में नया मोड़: पटना का मोह छोड़ दिल्ली जाएंगे उपेंद्र कुशवाहा? मोदी कैबिनेट में शामिल होने की चर्चा तेज

​पटना / दिल्ली।बिहार एनडीए (NDA) में जारी एमएलसी (MLC) टिकट विवाद के बीच एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सियासी गलियारों में गर्म चर्चाओं के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को केंद्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। सूत्रों का दावा है कि आगामी 20 जून के आसपास होने वाले संभावित मोदी कैबिनेट के फेरबदल में उपेंद्र कुशवाहा को शामिल किया जा सकता है।

​भाजपा का नया ऑफर: ‘पटना का मोह छोड़िए, दिल्ली आइए’

​अंदरखाने से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, भाजपा ने उपेंद्र कुशवाहा के सामने एक नया राजनीतिक फॉर्मूला रखा है। पार्टी नेतृत्व ने कुशवाहा से साफ कहा है कि वे पटना (बिहार विधान परिषद) का मोह छोड़ें और केंद्र की राजनीति में सक्रिय होकर मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनें। गौरतलब है कि उपेंद्र कुशवाहा इससे पहले 2014 की मोदी सरकार में भी केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री (HRD Minister of State) की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

​इन दो वजहों से नाराज थी भाजपा!

​राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा नेतृत्व उपेंद्र कुशवाहा के कुछ फैसलों से असहज और नाराज चल रहा था। इसके पीछे दो मुख्य कारण बताए जा रहे हैं:

​पार्टी के विलय का प्रस्ताव ठुकराना: भाजपा चाहती थी कि कुशवाहा की पार्टी का एनडीए के मजबूत घटक दल के रूप में नया समीकरण बने, लेकिन विलय की बात नहीं बन सकी।

​बेटे को भाजपा के सिंबल पर MLC बनाने से इंकार: भाजपा ने कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को अपनी पार्टी (BJP) के सिंबल पर एमएलसी बनाने का ऑफर दिया था, जिसे कुशवाहा ने स्वीकार नहीं किया।

​दिल्ली में सिचुएशन कंट्रोल करने में जुटे कुशवाहा

​इन तल्खियों के बीच, उपेंद्र कुशवाहा लगातार दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद से ही वे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं और लगातार बिगड़े समीकरणों को सुधारने (सिचुएशन कंट्रोल करने) का प्रयास कर रहे हैं।

​दीपक प्रकाश के लिए निकल सकता है बीच का रास्ता

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस खींचतान के बावजूद एनडीए में गतिरोध को खत्म करने की कोशिशें जारी हैं। संभव है कि अगले दो सप्ताह के भीतर उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और वर्तमान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के लिए कोई बीच का रास्ता (सम्माजनक फॉर्मूला) निकाल लिया जाए, जिससे गठबंधन में ऑल-इज-वेल हो सके।

​अब देखना दिलचस्प होगा कि 20 जून के आसपास होने वाले इस संभावित कैबिनेट विस्तार में उपेंद्र कुशवाहा की केंद्र में एंट्री होती है या बिहार की राजनीति में कोई नया मोड़ आता है।

​- विशेष संवाददाता, दिल्ली-पटना ब्यूरो

​#UpendraKushwaha #NDA #BiharPolitics #ModiCabinet #BJP #BiharNews

You may have missed