February 16, 2026

किसान आंदोलन के समर्थन में ‘AAP’ का एक दिवसीय उपवास, कहा- केंद्र सरकार अहंकार में चूर

पटना। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी, बिहार के कार्यकर्ताओं ने सुयश कुमार ज्योति उर्फ राजा के नेतृत्व में पटना के गांधी मैदान गेट नंबर 4 पर एक दिवसीय उपवास किया।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बबलू कुमार प्रकाश ने कहा कि दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन का आज 19वां दिन है। लगभग 11 किसानों की जान जा चुकी है। लेकिन केंद्र सरकार, भाजपा के नेता, मंत्री अपने अहंकार में चूर हैं। बबलू ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की सभी मांगों को केंद्र को तुरंत स्वीकार करनी चाहिए और एमएसपी की गारंटी के लिए विधेयक लाना चाहिए। वहीं किसान जिन तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं उन्हें रद्द कर देना चाहिए।
वहीं राजा ने कहा कि किसानों की एकजुटता को सरकार तोड़ना चाहती है, किसान यह जान चुके हैं। किसान आंदोलन ऐतिहासिक आंदोलन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित तरीके और संयम से आंदोलन को आगे बढ़ाना है। इस आंदोलन से किसानों की युवा पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है।
मौके पर प्रवक्ता अमर यादव, लोकेश सिंह, गुल्फिशां यूसुफ, अरविंद पंकज, कृष्ण मुरारी गुप्ता, अंजुमवारी, उज्ज्वल यादव, शैल कुमारी, गुड़िया देवी, संजीव कुमार आदि ने एक दिवसीय उपवास किया।

You may have missed