February 15, 2026

BIHAR : महाप्रबंधक ने गया स्थित निर्माणाधीन मेमू शेड, विंडो ट्रेलिंग का किया निरीक्षण

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने गुरूवार को पटना-गया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग का निरीक्षण किया। इसके बाद महाप्रबंधक ने गया स्थित निर्माणाधीन मेमू शेड का निरीक्षण किया। इस क्रम में महाप्रबंधक द्वारा गया में ही मैकेनिकल लिवर फ्रेम एवं कोचिंग डिपो का भी निरीक्षण संपन्न हुआ।
गया जंक्शन के वेस्ट केबिन के पास निर्माणाधीन यह मेमू शेड अत्याधुनिक सुविधा और तकनीकों से युक्त होगा। इसके निर्माण पर लगभग 100 करोड़ रूपए की लागत आएगी। झाझा के बाद यह पूर्व मध्य रेल का दूसरा मेमू शेड है। इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद गया तथा इसके आसपास चलने वाली मेमू ट्रेनों को अनुरक्षण के लिए दूसरी जगह नहीं भेजना पड़ेगा। इससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके, इसके लिए कोविड-19 के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए निर्माण कार्य जारी है। नए मेमू शेड में 16 कोच वाले 30 मेमू रेक को एक साथ रखा जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अशोक कुमार मिश्रा, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर राजेश कुमार सहित मुख्यालय हाजीपुर तथा मंडल के अन्य उच्चधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed