February 15, 2026

बिहार चुनाव : भाजपा के स्टार प्रचारकों की नई सूची जारी, शाहनवाज व रूडी के नाम भी जुड़ें

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए भाजपा ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की नई सूची जारी की है। पहले चरण के चुनाव के लिए हाल ही में जारी पहली सूची में संशोधन करते हुए नई सूची में बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन एवं राजीव प्रताप रूडी के नाम जोड़े गए हैं। पहली सूची में इन दो नेताओं के नाम नहीं थे। जिसके बाद भाजपा की मीडिया में खूब किरकिरी हुई थी। तब भाजपा की ओर से कहा गया था कि स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव के चरण व कार्यक्रम के अनुसार अपडेट होती रहती है। इसके बाद यह नई सूची जारी की गई है। जारी नई सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले नंबर पर रखे गए हैं। वहीं सूची में गृहमंत्री अमित शाह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के नाम शामिल हैं। वहीं नई सूची में सांसद राजीव प्रताप रूडी को 23वें तथा बीजेपी प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन को 24वें स्थान पर रखा गया है। जबकि बिहार के स्टार प्रचारकों की बात करें तो प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, राधामोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, नित्यानंद राय, नंदकिशोर यादव एवं मंगल पांडेय के नाम शामिल हैं।
जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह भी शामिल
समाचार एजेंसी के अनुसार दूसरे चरण के चुनाव के लिए बीजेपी के 30 स्टार प्रचारकों की सूची में पहले स्थान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। दूसरे स्थान पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तो तीसरे स्थान पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह हैं। गृह मंत्री अमित शाह सूची में चौथे स्थान पर और पांचवें स्थान पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी को रखा गया है।
योगी, रघुबर व फड़णवीस भी शामिल
स्टार प्रचारकों की सूची में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19वें स्थान पर हैं। पड़ोसी राज्य झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास 20वें स्थान पर हैं। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस 11वें स्थान पर रखे गए हैं। बिहार बीजेपी के प्रभारी भूपेंद्र यादव 10वें स्थान पर हैं।

You may have missed