September 20, 2026

राहुल-प्रियंका पर गिरिराज की चुटकी : अपने को युवराज समझते हैं, इसलिए कन्फ्यूजन होता है

पटना। उत्तर प्रदेश के हाथरस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर पटना में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने ही अंदाज में चुटकी ली है। गुरूवार को पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही गिरिराज सिंह को मीडिया ने घेर लिया और उनसे राहुल गांधी पर सवाल पूछा गया। सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह ठीक नहीं था। उन्हें (राहुल को) कानून तोड़ने की जिद नहीं करनी चाहिए थी।
गिरिराज ने कहा कि जब पहले ही सरकार ने लॉ एंड आर्डर को लेकर वहां जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था, तब कानून तोड़ने की जिद करना सही नहीं है। ऐसा थोड़े है कि राहुल गांधी के लिए अलग कानून है और आम लोगों के लिए अलग। अब कानून तोड़ेंगे तो कार्रवाई होगा ही। इसके बाद उनसे जब कहा गया कि राहुल गांधी ने पुलिस वालों से ही सवाल किया कि आप मुझे किस कानून के अंतर्गत गिरफ्तार कर रहे हैं, इस पर गिरिराज ने कहा कि वे अभी भी खुद को युवराज ही समझते हैं। इसलिए ये सब कन्फ्यूजन होता है।
बताते चलें कि हाथरस में गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मिलने जा रहे राहुल और प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ही रोक दिया। जब वे नहीं माने तो दोपहर करीब 2.30 बजे उन्हें इकोटेक-1 थाना इलाके में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर जेवर के पास स्थित फॉर्मूला-1 गेस्ट हाउस ले गई। इससे पहले, राहुल और प्रियंका कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दोपहर 1.30 बजे एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे। यहीं उनके काफिले को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद वे पैदल ही आगे बढ़ने लगे। इस बीच पुलिस उन्हें समझाती रही। कुछ दूर चलने के बाद पुलिस ने फिर रोक दिया। पुलिसवाले ने राहुल की कॉलर भी पकड़ी।

You may have missed