PATNA : बड़े मिशनरी स्कूल के फादर और प्राचार्या के खिलाफ शिक्षिका ने दर्ज करायी प्रताड़ना का मामला
पटना। राजधानी के एक प्रतिष्ठित स्कूल की शिक्षिका ने फादर, प्राचार्य और सहयोगी शिक्षकों के खिलाफ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिक्षिका ने इसकी शिकायत राज्य महिला आयोग में दर्ज कराई है। आयोग की अध्यक्ष दिलमणि मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों को अगले हफ्ते उपस्थित होकर पक्ष रखने को कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग की टीम शिकायत की जांच करने स्कूल में भी जाएगी।
पीड़िता का कहना है कि चैरिटी के नाम पर स्कूल में अभिभावकों से बहुत मोटी रकम वसूली जाती है। तमाम शिक्षकों को भी इसमें उनकी मर्जी के बगैर शामिल किया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से पैसे लेने का विरोध किया तो उन्हें क्रीड़ा प्रशिक्षक बना दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्हें स्कूल में खेल प्रशिक्षक के कपड़े पहनने के लिए मजबूर किया गया। स्कूल के पुरुष शिक्षक उनके कपड़ों पर फब्तियां कसते हैं। पीड़िता का यह भी कहना है कि स्कूल की प्राचार्या प्रमोशन का लालच देकर गलत कार्य के लिए दबाव बनाती हैं।


