BIHAR : ड्रग्स खरीद-फरोख्त को लेकर दीपिका पादुकोण समेत आठ के खिलाफ मामला दर्ज
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में बालीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण समेत आठ लोगों के खिलाफ ड्रग्स खरीद-फरोख्त को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। इस मामले की सुनवाई 29 सितंबर को होगी। उक्त मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के लहलादपुर पताही निवासी अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने ड्रग्स खरीद-फरोख्त के लेकर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम) पश्चिमी की अदालत में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने इस मामले में फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, उनकी मैनेजर करिश्मा प्रकाश, अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, अभिनेत्री दीया मिर्जा, अभिनेत्री सारा अली खान, जया शाहा, श्रुति मोदी और फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप को आरोपित बनाया है। कोर्ट ने आवेदन पर मामले के ग्रहण के बिंदु पर सुनवाई के लिए 29 सितंबर की तिथि निर्धारित की है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि 22 सितंबर को मैं सरैया थाने के पोखरैरा चट्टी में एक जगह बैठा था, जहां टीवी पर समाचार चैनलों पर देख रहा था। समाचार चैनल पर दिखाया जा रहा था कि आरोपितगण ड्रग्स का सेवन और कारोबार करते हैं। वहीं, मुंबई के कोको चाइनीज रेस्टोरेंट में 28 अक्टूबर, 2017 को आरोपितों ने एक पार्टी की थी, जिसमें विदेश से ड्रग्स मंगाकर सेवन एवं लेन-देन किया था।
बताते चलें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बालीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की प्रबंधक करिश्मा प्रकाश को पूछताछ के लिए बुलाया है। दीपिका पादुकोण और करिश्मा के बीच व्हाट्सएप चैट से पता चला था कि दीपिका के लिए करिश्मा ड्रग्स खरीद रही थी। वहीं एनसीबी जया साहा से भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा सारा अली खान, श्रद्धा कपूर और रकुल प्रीत सिंह के नाम भी सामने आये हैं। इन अभिनेत्रियों को भी मामले में पूछताछ के लिए बुलाये जाने की संभावना है।


